बर्मिंघम में होने वाले Commonwealth Games के लिए टीम इंडिया तैयार, इन मुक्केबाजों का हुआ चयन

भारतीय मुक्केबाजी टीम में अमित पंघल, शिवा थापा, मोहम्मद हुसामुद्दीन, रोहित टोकस, सुमित, आशीष कुमार, संजीत और सागर शामिल हैं. 

बर्मिंघम में होने वाले Commonwealth Games के लिए टीम इंडिया तैयार, इन मुक्केबाजों का हुआ चयन

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय पुरुष मुक्केबाजों का चयन हुआ

खास बातें

  • अमित पंघल ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय टीम में जगह बनाई
  • बर्मिंघम में 28 जुलाई से आठ अगस्त तक राष्ट्रमंडल खेल होंगे
  • 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में मुक्केबाजी में भारत दूसरे स्थान पर रहा था
नई दिल्ली:

विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता मुक्केबाज अमित पंघल (Amit Panghal) और शिवा थापा (Shiva Thapa) ने गुरुवार को पटियाला में ट्रायल्स जीतकर आगामी राष्ट्रमंडल खेलों (Birmingham Commonwealth Games) के लिए भारतीय टीम (Team India) में जगह बनाई. वर्ल्ड चैंपियनशिप 2019 के रजत पदक विजेता पंघल ने 51 किलो वर्ग में जीत दर्ज की जबकि थापा ने 63.5 किलो वर्ग में ट्रायल जीता. इनके अलावा, भारतीय टीम में जगह बनाने वाले अन्य छह मुक्केबाजों में 2018 के कांस्य पदक विजेता मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किलो), रोहित टोकस (67 किलो), गत राष्ट्रीय चैम्पियन सुमित (75 किलो), आशीष कुमार (80 किलो), संजीत (92 किलो) और सागर (92 प्लस किलो) शामिल हैं. 

यह भी पढ़ें: Asia Cup Hockey: एशिया कप में भारतीय टीम ने जापान को हराकर जीता ब्रॉन्ज मेडल

पंघल ने सेना के मुक्केबाज दीपक को बंटे हुए फैसले पर 4-1 से हराया. पंघल ने गोल्ड कोस्ट में हुए पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था. एशियाई चैम्पियन बनने और 2019 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद पिछले साल टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) में पंघल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा जिसमें वह प्री क्वार्टरफाइनल में बाहर हो गए थे. 


वर्ल्ड चैंपियनशिप 2015 के कांस्य पदक विजेता थापा ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मनीष कौशिक को 5-0 से मात दी. थापा को पिछले हफ्ते IBA (अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ) की एथलीट समिति का सदस्य चुना गया था.

वहीं, 57 किलो भार वर्ग में हुसामुद्दीन ने 2019 एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता कविंदर सिंह बिष्ट को 4-1 से हराया. रेलवे के रोहित ने उत्तर प्रदेश के आदित्य प्रताप यादव को वेल्टरवेट वर्ग में 3-2 से मात दी. सुमित, आशीष, संजीत और सागर सभी ने 5-0 से जीत दर्ज की.

अप्रैल में थाईलैंड ओपन में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुमित ने रेलवे के मुक्केबाज पवन को जबकि सेना के लक्ष्य चाहर को 2019 एशियाई चैंपियनशिप रजत पदक विजेता आशीष ने मिडिलवेट वर्ग में पराजित किया. हैवीवेट और सुपर हैवीवेट वर्ग में एशियाई चैम्पियन संजीत ने हरियाणा के मुक्केबाज नवीन कुमार और चंडीगढ़ के सागर ने सेना के नरेंदर को शिकस्त दी. 

यह भी पढ़ें: French Open: नडाल ने जोकोविच को शिकस्त देते हुए पिछले साल का हिसाब किया चुकता, अब ज्वेरेव से होगी भिड़ंत

भारत ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में मुक्केबाजी में तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक जीते थे जिससे देश दूसरे स्थान पर रहा था. राष्ट्रमंडल खेल (Commonwealth Games 2022) इस साल बर्मिंघम में 28 जुलाई से आठ अगस्त तक खेले जाएंगे. इसके लिए महिला वर्ग के ट्रायल अगले सप्ताह होंगे .

भारतीय टीम : अमित पंघल (51 किलो), शिवा थापा (63.5 किलो), मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किलो), रोहित टोकस (67 किलो), सुमित (75 किलो), आशीष कुमार (80 किलो), संजीत (92 किलो) और सागर (92 प्लस किलो). 

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com