फ्रांस टेनिस के प्रमुख बोले- खाली स्टेडियम में हो सकता है फ्रेंच ओपन
फ्रांस टेनिस महासंघ (FFT) के प्रमुख बर्नार्ड गुइडिसेली (Bernard Guidicelli) ने स्वीकार किया कि स्थगित हो चुके फ्रेंच ओपन (French Open) का आयोजन खाली स्टेडियम में किया जा सकता है
- Posted by Vishal Kumar
- Updated: May 10, 2020 10:14 AM IST

हाईलाइट्स
- फ्रेंच ओपन का आयोजन खाली स्टेडियम में होने की उम्मीद
- फ्रांस टेनिस के प्रमुख बर्नार्ड गुइडिसेली ने रखी ये बात
- कोरोनावायरस के कारण फ्रेंच ओपन को 20 सितंबर तक टाला गया
फ्रांस टेनिस महासंघ (FFT) के प्रमुख बर्नार्ड गुइडिसेली (Bernard Guidicelli) ने रविवार को स्वीकार किया कि स्थगित हो चुके फ्रेंच ओपन (French Open) का आयोजन खाली स्टेडियम में किया जा सकता है. कोरोना वायरस महामारी (Coronavirus Pandemic ) के कारण फ्रेंच ओपन को चार महीने के लिए टाला गया है. गुइडिसेली ने कहा कि उन्होंने अपने सभी विकल्प खुले रखे हैं. इससे पहले उन्होंने कहा था कि एफएफटी को क्ले कोर्ट पर 24 मई से सात जून तक होने वाले इस ग्रैंडस्लैम को एकतरफा फैसला करते हुए 20 सितंबर से चार अक्टूबर तक स्थगित करने का कोई खेद नहीं है. गुइडिसेली ने ‘जर्नल डि डिमांशे' से कहा, ‘‘हमने किसी विकल्प को खारिज नहीं किया है. टूर्नामेंट स्टेडियम में होगा और टीवी स्क्रीन पर देखा जाएगा.'' उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया भर में करोड़ों लोग इंतजार कर रहे हैं.
Roland Garros could be behind closed doors, says French tennis boss pic.twitter.com/3e1Snz9Jtf
— J.s (@Js87958738) May 10, 2020
खाली स्टेडियम में इसके आयोजन से व्यावसायिक माडल का एक हिस्सा- टीवी अधिकार (टूर्नामेंट के राजस्व के एक-तिहाई हिस्से से अधिक)- चलता रहेगा. इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती.'' कोरोना वायरस के कारण दुनिया भर में लगभग सभी टेनिस टूर्नामेंट मार्च के मध्य से ठप्प पड़े हैं और 13 जुलाई से पहले दोबारा शुरू नहीं होंगे.
गौरतलब है कि COVID-19 के कारण विंबलडन (Wimbledon ) जैसे बड़े टूर्नामेंट को भी एक साल के लिए टाल दिया गया है. बता दें कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब विंबलडन को रद्द करना पड़ा है. वहीं, दूसरी ओर टोक्यो ओलंपिक पर भी कोरना का कहर बरपा है और इस बड़े टूर्नामेंट को भी अगले साल के लिए टाल दिया गया है. ऐसे में फेंच ओपन को लेकर इस फैसले से यकीनन टेनिस प्रेमियों के चेहरे पर खुशी आ जाएगी. देखना होगा कि इस बारे में आखिरी फैसला कब तक लिया जाएगा.