विराट और अनुष्का ने मुंबई पुलिस के कल्याण के लिए दान दी और रकम और...
इससे पहले कोहली और अनुष्का ने कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में मदद के लिये प्रधानमंत्री ‘केयर्स’ कोष और महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में दान दिया था, लेकिन इस राशि का खुलासा नहीं किया था
- Bhasha
- Updated: May 09, 2020 07:29 PM IST

मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने शनिवार को बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने कोरोना वायरस महामारी के बीच पुलिस कल्याण के लिये पांच-पांच लाख रूपये का योगदान दिया है. पिछले काफी दिनों से क्रिकेटरों की तरफ से कोई दान नहीं आया था. और ऐसे में विराट और अनुष्का का यह कदम प्रशंसनीय है. वैसे आर्थिक मदद के लिए विराट और अनुष्का नियमित अंतराल पर अलग-अलग संदेशों के साथ कोरोनावायरस योद्धा और बाकी लोगों के लिए लगातार संदेश दे रहे हैं. इऩ दोनों ने हमेशा यह कोशिश की है कि इस आड़े समय में दोनों से जो भी संभव होगा, वे अपनी तरफ से जरूर करेंगे.
सिंह ने अपने अधिकारिक हैंडल पर ट्वीट किया, ‘‘विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के मुंबई पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिये पांच-पांच लाख रूपये योगदान करने के लिये शुक्रिया. आपका योगदान कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में मुंबई पुलिस की मदद करेगा.'
इससे पहले कोहली और अनुष्का ने कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में मदद के लिये प्रधानमंत्री ‘केयर्स' कोष और महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में दान दिया था, लेकिन इस राशि का खुलासा नहीं किया था. वहीं, रोहित शर्मा और अंजिक्य रहाणे के अलावा और भी कई छोटे-बड़े क्रिकेटरों ने भी अपने हिसाब से रकम दान में दी थी. और अब ऐसे में बाकी क्रिकेटरों पर एक बार फिर से नजरें जा टिकी हैं.
VIDEO: कुछ दिन पहले ही विराट ने करियर को लेकर बड़ी बात कही थी.
विराट और अनुष्का की इस घोषणा के बाद अब यह देखने वाली बात होगी कि पूर्व में दान देने वाले क्रिकेटरों में और कौन-कौन खिलाड़ी मदद के लिए सामने आता है.