नई दिल्ली:
Aus vs Ind: मेलबर्न के एक रेस्त्रां में अपने पांच खिलाड़ियों के डिनर करने और प्रोटोकॉल तोड़ने की खबर के बाद अब ऑस्ट्रेलियाई मीडिया (Australia Media) का ध्यान ऐसी घटनाओं की ओर जाने लगा है, जो जारी ऑस्ट्रेलियाई दौरे में प्रोटोकॉल तोड़ने के दायरे में आ सकती हैं. मेजबान मीडिया और सोशल मीडिया पर ऐसी घटनाओं का तस्वीर सहित जिक्र कर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. इसी के तहत एक तस्वीर मीडिया में चल रही है, जो 1 दिसंबर से पहले कैनबरा में खेले गए पहले वनडे से पहले किसी प्रशंसक ने विराट कोहली (Virat Kohli) और हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) के साथ ली थी. इस तस्वीर में दोनों ही खिलाड़ियों ने मास्क नहीं पहने हुए हैं. वहीं, प्रशंसक से 1.5 मी. दूरी के नियम का पालन भी नहीं किया गया. अब जहां, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने किसी नियम के उल्लंघन की बात नहीं की है, तो भारतीय मैनेजमेंट ने भी कहा कि कहीं कोई प्रोटोकॉल नहीं तोड़ा गया है.
ऑस्ट्रेलिया मीडिया ने खिलाड़ियों के रेस्त्रां या दुकान पर प्रवेश के दौरान मास्क न पहनने की दो और छोटी घटनाओं को छापा है. 7 दिसंबर को कोहली और पंड्या सिडनी में एक बेबी शॉप पर गए थे और उन्होंने वहां प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचायी. वे उस समय मास्क नहीं पहने हुए थे. इस घटना के करीब एक हफ्ते बाद कुछ भारतीय खिलाड़ी रेस्त्रां गए. इनमें से कुछ ऑर्डर देने के लिए बिना मास्क के ही गए.
अब जबकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बिग बैश में क्रिस लिन और डेन लॉरेंस के बायो-बबल प्रोटोकॉल तोड़ने पर क्लब पर निलंबित करीब 20,000 डॉलर के अलावा प्रत्येक खिलाड़ी पर 4,000 डॉलर का जुर्माना लगाया था, तो वहीं भारतीय खिलाड़ियों की घटना को छोटा माना जा रहा है. वहीं, मीडिया में आईपीएल और ऑस्ट्रेलिया के बायो-बबल की तुलना भी हो रही है. आईपीएल का बायो-बबल बहुत ही सख्त था.
VIDEO: कुछ दिन पहले विराट ने अपने करियर को लेकर बड़ी बात कही थी.